प्रयागराज में कुंभ के दौरान आग लगने की लगातार घटनाएं सामने आ रही हैं। एक बार फिर मंगलवार देर रात आग लगने की खबर ने लोगों को परेशानी में डाल दिया है। बताया जा रहा कि कुंभ मेले में बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन के टेंट में आग लग गई।
इस हादसे में बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन बाल-बाल बच गए। आग लगने की खबर से सुरक्षाकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। हालांकि यह पहली बार नहीं है जब कुम्भ मेले में आग लगने की घटना हुई है लेकिन इससे पहले भी कई बार टेंट और अन्यत्र स्थानों पर आग लगी है।
मंगलवार देर रात कुंभ में लालजी टंडन के कैंप में लगी भीषण आग में लालजी टंडन के कई जरूरी सामान जल कर खाक हो गए। जिस वक्त यह हादसा हुआ उस समय लालजी टंडन गहरी नींद में थे। सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक आग मंगलवार देर रात करीब 2:30 बजे लगी। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण यह आग लगी।
कुंभ मेले में आग लगने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कुंभ मेला परिसर में आग लगने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुंभ शुरू होने से ठीक एक दिन पहले यानी 15 जनवरी को सिलेंडर फटने के कारण दिगंबर अखाड़े के टेंट में आग लगी थी।
अभी कुछ दिन पहले ही यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के शिविर क्षेत्र में आग लग गई थी। इस आग में करीब 2 टेंट जलकर खाक हुए थे, हालांकि किसी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था।
WhatsApp us