बिहार से दिल्ली आ रही सीमांचल एक्सप्रेस की 9 बोगियां पटरी से उतर गई जिससे बड़ा रेल हादसा हुआ है। फिलहाल हादसे में 6 लोगों की मौत होने की खबर है जबकि 24 लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के अनुसार ट्रेन बिहार के जोगबनी से दिल्ली के आनंद विहार आ रही थी। इसी दौरान टे्रन के नौ कोच बेपटरी हो गए।
रेलवे अधिकारियों ने घटना में 6 लोगों की मौत होने की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि मृतकों और घायलों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
वहीं प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटनास्थल पर करीब 7 से 8 शवों को निकाला गया है। बताया जा रहा है कि यह हादसा रविवार तड़के करीब 3 बजकर 58 मिनट बजे हुआ। यह ट्रेन जोगबनी से दिल्ली आ रही थी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हादसे पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने प्रशासन को आदेश दिए हैं कि वह लोगों को हर तरह की सहायता मुहैया करवाए।
वहीं रेलमंत्री पीयूष गोयल ने भी ट्वीट कर इस हादसे की जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट किया कि बिहार के सहदेई बुजुर्ग में जोगबनी-आनंद विहार टर्मिनल सीमांचल एक्सप्रेस के 9 कोच बेपटरी हो गए हैं। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। उन्होंने ट्रेन हादसे के बाद भारतीय रेलवे द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों को भी ट्वीट किया है।
भारतीय रेलवे की तरफ से हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है जिस पर यात्रियों के बारे में जानकारी ली जा सकती है।
रेलवे हेल्पलाइन
सोनपुर- 06158221645
हाजीपुर- 06224272230
बरौनी- 06279232222
पटना में हेल्पलाइन नंबर
06122202290
06122202291
06122202292
06122213234
रेलवे नंबर: 025-83288
दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (मुगलसराय) – 05412254145
एडिशनल डायरेक्टर जनरल स्मिता वत्स शर्मा ने बताया कि अभी हमारा ध्यान राहत और बचाव कार्य पर है। डॉक्टरों की टीम के साथ रेलवे एक्सीडेंट मीडियल वैन मौके पर है। एनडीआरएफ की दो टीमें भी मौके पर पहुंच चुकी हैं।
इस मामले की जांच पूर्वी सर्कल लतीफ खान द्वारा की जाएगी।
