वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ उनके तमाम मंत्रिमंडलीय सहयोगियों ने भी तारीफ की। इससे पहले गृहमंत्री अमित शाह ने बजट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुरूप नए भारत का बजट कहा तो रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस बजट को आर्थिक और सामाजिक बदलावों का बजट कहा।
संसद में पेश आम बजट में देश की अर्थव्यवस्था के साथ ही गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला सबका ध्यान रखा गया है और यही वजह है कि हर ओर इसका स्वागत हो रहा है. बीजेपी के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आम बजट को सामाजिक-आर्थिक बदलाव को सुनिश्चित करने वाला भविष्योन्मुखी बजट करार दिया है।
बीजेपी अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह ने आम बजट को ”नए भारत” को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच को परिलक्षित करने वाला बजट करार दिया। उन्होंने कहा कि बजट में मध्यम वर्ग को उनके कठिन परिश्रम का फल और भारतीय उद्यमियों को मजबूती मिलेगी। यह सही अर्थों में उम्मीद और सशक्तिकरण का बजट है। वित्त मंत्री ने नए भारत के निर्माण के लिए बजट पेश किया है, जो समावेशी और प्रगतिशील राष्ट्र की बुनियाद रखने वाला है। बजट किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला है।
सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने आम बजट को देश का तेजी से विकास सुनिश्चित करने वाला ”सर्वसमावेशी बजट” बताया है। अन्य केंद्रीय मंत्रियों ने भी बजट का स्वागत किया है।
नीति आयोग ने बजट की सराहना की है, तो उद्योग संगठनों ने बजट का स्वागत करते हुए कहा कि मेक इन इंडिया और 5 ट्रिलियन इकॉनमी देश के लिए काफी अहम है।
बात राजनीतिक दलों की करें तो बीजेपी ने जहां बजट को गांव, गरीब, किसानों की जिंदगी को एक नई दिशा देने वाला बताया है तो कांग्रेस ने कहा है कि बजट में वही बातें कही गई हैं जो कही जाती है।
कुल मिलाकर देश को नई दिशा देने वाले इस बजट से आम आदमी को आर्थिक मजबूती की उम्मीद है।
WhatsApp us