जापान में चक्रवाती तूफ़ान हेगीबिस के कहर से कम से कम ग्यारह लोगों की मौत, कई लोग लापता। कई इलाकों में मूसलाधार बारिश और तूफ़ानी हवाओं के चलते बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं, मौसम विभाग ने हालात और खराब होने की दी चेतावनी, 70 लाख से अधिक लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जाने को कहा गया।
चक्रवाती तूफ़ान हेगीबिस के असर से जापान के ज़्यादातर हिस्सों में मूसलाधार बारिश और तूफ़ानी हवाएं चल रही हैं, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। तूफ़ान हेगीबिस राजधानी टोक्यो के दक्षिण-पश्चिम में इज़ु प्रायद्वीप की मुख्य भूमि पर कल शाम टकराया। तूफ़ान के असर से 225 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल रही हैं। इस तूफान से कम से कम 11 लोगों की मौत की खबर है और 17 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।
तेज़ हवाओं के चलते 100 लोग लापता बताए जा रहे हैं। गंभीर होते हालात के मद्देनज़र 70 लाख से अधिक लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा गया है। तूफान के असर से ट्रेन सेवाएं बाधित है, एक हज़ार से अधिक विमान हवाई अड्डों पर खड़े हैं। हज़ारों घरों में बिजली गुल है।
मौसम विभाग ने राजधानी टोक्यो में आधा मीटर तक बारिश होने की चेतावनी दी है। भारी बारिश की वजह से भूस्खलन और बाढ़ के हालात पैदा हो सकते हैं।