बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना चार दिन के दौरे पर भारत पहुंची हैं। शनिवार को वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात करेंगी। दोनों नेताओं के बीच नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता होगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बंगलादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना आज नई दिल्ली में संयुक्त रूप से तीन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा दोनों नेता द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। बातचीत में दोनों देशों के संबंधों को मज़बूत करने के उपायों पर विचार-विमर्श होगा। इसके अलावा व्यापार और संपर्क, सहयोग विकास, लोगों के बीच आपसी संपर्क, संस्कृति और परस्पर हित के अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी।
दोनों देशों के बीच परिवहन, संपर्क, क्षमता निर्माण और संस्कृति क्षेत्रों में छह समझौतों पर हस्ताक्षर होने की आशा है। शेख हसीना आज दोपहर राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलेंगी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मिलने का कार्यक्रम है। बंगलादेश की प्रधानमंत्री चार दिन की भारत यात्रा पर बृहस्पतिवार को नई दिल्ली पहुंची थीं। शेख हसीना विश्व आर्थिक फोरम द्वारा नई दिल्ली में आयोजित दो दिनों से चल रही भारत आर्थिक शिखर सम्मेलन में मुख्य अतिथि थीं।
