ताजा खबरों के मुताबिक बिहार से दिल्ली आ रही सीमांचल एक्सप्रेस की 11 बोगियां पटरी से उतरी है। हालांकि हादसे में 6 लोगों की मौत होने की खबर मिली है लेकिन स्थानीय निवासियों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेल हादसे को देखकर लगता है कि लोगों की मरने की संख्या बढ़ सकती है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटनास्थल पर करीब 7 से 8 शवों को निकाला गया है।
वहीं अभी तक रेलवे अधिकारियों की ओर से 25 लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेलवे अधिकारियों ने घटना में 6 लोगों की मौत होने की पुष्टि की है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हादसे पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने प्रशासन को आदेश दिए हैं कि वह लोगों को हर तरह की सहायता मुहैया करवाए।
वहीं रेलमंत्री पीयूष गोयल ने भी ट्वीट कर इस हादसे की जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट किया कि बिहार के सहदेई बुजुर्ग में जोगबनी-आनंद विहार टर्मिनल सीमांचल एक्सप्रेस के 9 कोच बेपटरी हो गए हैं। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। उन्होंने ट्रेन हादसे के बाद भारतीय रेलवे द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों को भी ट्वीट किया है।
