पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली का अंतिम संस्कार आज नई दिल्ली में निगम बोध घाट में किया जाएगा। 66 वर्षीय वरिष्ठ भाजपा नेता का लंबी बीमारी के बाद कल दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स में निधन हो गया था। उन्हें 9 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि उनका पार्थिव शरीर आज सुबह पार्टी मुख्यालय ले जाया जाएगा।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और अन्य अनेक राजनेताओं ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जेटली के निवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
विदेश यात्रा पर गये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व वित्त मंत्री भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। बहरीन नेशनल स्टेडियम में कल भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वह इस बात की कल्पना भी नहीं कर सकते कि उनके प्रिय मित्र और सहकर्मी अब नहीं रहे और वह इतनी दूर बहरीन में हैं। प्रधानमंत्री ने जेटली को घनिष्ठ मित्र बताया जिसे सभी मामलों की बारीकी से गहरी समझ थी। श्री मोदी ने जेटली की पत्नी और पुत्र से फोन पर बातचीत कर संवेदना व्यक्त की। दोनों ने आग्रह किया कि प्रधानमंत्री को अपनी विदेश यात्रा रद्द नहीं करनी चाहिए।
केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, निर्मला सीतारामन, पीयूष गोयल, प्रकाश जावड़ेकर, हर्ष वर्द्धन, जितेन्द्र सिंह, रविशंकर प्रसाद और एस. जयशंकर तथा वयोवृद्ध भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने जेटली को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। प्रदेश भाजपा नेताओं, पूर्वी दिल्ली से सांसद गौतम गंभीर और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।
