भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड में चल रहे विश्व कप में अपना खेल दिखा रही है। सामान्य तौर पर भारतीय टीम की जर्सी का रंग नीला होता है लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले में टीम इंडिया भगवा जर्सी में नजर आने वाली है। जिसका भारत में विरोध शुरू हो चुका है। क्रिकेट वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की भगवा जर्सी पर राजनीति शुरू हो गई है। महाराष्ट्र के मुस्लिम विधायकों ने टीम इंडिया की भगवा रंग की जर्सी पर आपत्ति जताई है।
टीम इंडिया के इंग्लैंड के खिलाफ मैच में भगवा जर्सी पहने जाने का कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने विरोध किया है। कांग्रेस नेता नसीम खान ने कहा, ‘मोदी सरकार जब से आई है तब से भगवा राजनीति शुरू हो गई है। तिरंगे का सम्मान होना चाहिए लेकिन यह सरकार हर चीज के भगवाकरण की तरफ बढ़ रही है।’
महाराष्ट्र कांग्रेस विधायक एमए खान ने कहा, ‘ये सरकार हर चीज को अलग नजर से देखने और दिखाने की कोशिश पूरे देश में पिछले पांच साल से कर रही है। ये सरकार भगवाकरण की तरफ इस देश को ले जाने का काम कर रही है।’
महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के नेता अबू आसिम आजमी ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे देश को भगवा रंग में रंगना चाहते हैं। झंडे को रंग देने वाला मुस्लिम था. तिरंगे में और भी रंग हैं, सिर्फ भगवा ही क्यों? तिरंगे के रंग में उनकी जर्सी हो तो बेहतर होगा।’
WhatsApp us