महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की मतगणना के रूझानों के अनुसार भाजपा-शिवसेना गठबंधन का फिर से सत्ता में आना लगभग तय है। हरियाणा में भाजपा अन्य दलों से आगे है।
महाराष्ट्र में 14 नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। भाजपा ने 7 सीटे जीत ली हैं। चार सीट एनसीपी ने जीती है। शिवसेना, कांग्रेस की झोली में एक-एक सीट गई है। भाजपा के विजय कुमार गवित नंदरबार और पराग शाह घाटकोपर पूर्व सीट पर विजयी हुए हैं। भाजपा के ही दिलीप कुमार पाटिल नीलांगेकर नीलांगा सीट पर निर्वाचित घोषित किए गए हैं। पार्टी के काशीराम पवार शिरपुर से, संजय सावकारे भूसावल से, मुक्ता तिलक कासबा पेट से और सुयेश भोले जलगांव सिटी सीट से विजयी हुए हैं। शिवसेना के गुलाब राव जलगांव ग्रामीण निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित घोषित किए गए हैं।
एनसीपी उम्मीदवार चेतन तुपे ने हदापसर सीट तथा अनिल पाटिल अमलनेर सीट पर और आत्माराम भगवान राव अहेरी सीट से विजयी घोषित किए गए हैं। कांग्रेस के शिरीष कुमार नाईक ने नवापुर सीट पर जीत हासिल की है।
महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन 156 सीटों पर आगे चल रहा है। कांगेस-एनसीपी गठबंधन 91 सीटों पर आगे है। वंचित बहुजन अघाडी तथा एआईएमआईएम दो-दो सीटों पर जबकि अन्य 23 सीटों पर आगे हैं। हरियाणा में अब तक घोषित 13 नतीजों में भाजपा ने पांच, कांग्रेस ने दो, जननायक जनता पार्टी ने पांच सीटे जीती हैं। एक सीट निर्दलीय को मिली है। भाजपा के कमल गुप्ता ने हिसार सीट, प्रमोद कुमार विज ने पानीपत सीट पर विजय हासिल की है। थानेसर सीट पर सुभाष सुधा को विजय हासिल हुई है। कांग्रेस के मेवा सिंह लाडवा सीट पर विजयी घोषित किए गए हैं। राज्य में भाजपा और कांग्रेस दोनों 31-31 सीटों पर आगे है। जननायक जनता पार्टी पांच पर, आईएनएलडी छह पर, बहुजन समाज पार्टी एक पर और अन्य तीन पर बढ़त बनाए हुए हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल करनाल सीट पर आगे चल रहे हैं। कांग्रेस के भूपेंद्र सिंह हुड्डा रोहतक जिले में गढ़ी सांपला किलोई सीट पर आगे हैं। आगे चल रहे भाजपा के अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं- अनिल विज, रामविलास शर्मा, योगेश्वर दत्त, सुभाष बराला। कांग्रेस के रणदीप सुरजेवाला तथा किरण चौधरी और कुलदीप बिश्नोई बढ़त बनाए हुए हैं। जेजेपी के दुष्यंत चौटाला और आईएनएलडी के अभय सिंह चौटाला भी आगे हैं। भाजपा के कैप्टन अभिमन्यु, कविता जैन, ओमप्रकाश धनकड़ और किशन लाल पवार पीछे चल रहे हैं।
महाराष्ट्र में भाजपा के जो उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं उनमें प्रमुख हैं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस, प्रदेश पार्टी अध्यक्ष चन्द्रकांत पाटिल और मंत्री सुधीर मुनगंटीवार, राधाकृष्ण विखे पाटिल, गिरिश महाजन और आशीष शैलार। शिवसेना के आदित्य उद्धव ठाकरे और कांग्रेस के अशोक चव्हाण तथा पृथ्वीराज चव्हाण भी बढ़त बनाए हुए हैं। एनसीपी के अजीत पवार भी आगे चल रहे हैं। परली सीट पर भाजपा की पंकजा मुंडे पीछे चल रही हैं।
