नेपाल में चल रहे 13वें दक्षिण एशियाई खेलों की अधिकतर प्रतिस्पर्धाओं में भारतीय एथलीटों ने अपना दबदबा बरकरार रखा है। खेलों की समाप्ति के एक दिन पहले 159 स्वर्ण, 91 रजत और 44 कांस्य पदक समेत 294 पदक हासिल करके भारत शीर्ष स्थान पर बना रहा।
दक्षिण एशियाई खेलों में भारत की महिला फुटबॉल टीम ने लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक जीता। भारतीय खिलाड़ियों ने पोखरा में हुए फाइनल मुकाबले में मेजबान नेपाल की टीम को 2-0 से हरा दिया।
कबड्डी में भारत की महिला और पुरुष टीमों ने स्वर्ण पदक हासिल किया। महिलाओं के फाइनल मैच में भारतीय टीम ने मेजबान नेपाल को काठमांडू में 50-13 से हराकर स्वर्ण पदक जीता, वहीं पुरुष टीम ने श्रीलंका को 51-18 से हराकर स्वर्ण देश के नाम किया।
तलवारबाजी में भारतीय महिला टीम ने दोनों मुकाबलों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए, जबकि पुरुष टीम ने एक स्वर्ण हासिल किया।
भारतीय मुक्केबाजों ने भी छह स्वर्ण और दो रजत पदक जीते। भारतीय तैराकों ने भी अपना विजय अभियान जारी रखा और पांच स्वर्ण, चार रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया। भारतीय तैराकों ने इन खेलों में लगातार अपना दबदबा बनाए रखा और 27 स्वर्ण, 18 रजत, पांच कांस्य पदक समेत 50 पदकों पर कब्जा किया।
तीरंदाजी के फाइनल मुकाबले में अन्नूराज सिंह और श्रवण कुमार ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीते। तीरंदाजी के मुकाबलों में भारत ने 20 में से 18 स्वर्ण पदक जीते। भारतीय तीरंदाजों ने विभिन्न मुकाबलों में दांव पर लगे 60 पदकों में से 18 स्वर्ण, 7 रजत और 4 कांस्य समेत 29 पदक हासिल किए।
जूडो में भारत न 4 स्वर्ण और 3 रजत पदक जीते। टेनिस के पुरुष और महिला एकल मुकाबलों में भी भारत ने दोनों खिताबों पर कब्जा कर लिया। भारत ने दोनों मुकाबलों में स्वर्ण और रजत पदक जीते, क्योंकि इनके फाइनल भारतीय खिलाड़ियों के बीच ही खेले गए।
इस बीच, 10 दिन के इस खेल महोत्सव के समापन समारोह की तैयारियां पूरी हो गई हैं। समापन समारोह आज काठमांडू में दशरथ रंगशाला में होगा। नेपाल के उप-प्रधानमंत्री ईश्वर पोखरेल इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे।
