हरियाणा में नई सरकार के गठन के लिए भारतीय जनता पार्टी और जननायक जनता पार्टी – जेजेपी के बीच समझौता हो गया है। समझौते के अंतर्गत मुख्यमंत्री, भारतीय जनता पार्टी का होगा जबकि जे जे पी को उप-मुख्यमंत्री का पद दिया जाएगा। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कल रात नई दिल्ली में जे जे पी नेता दुष्यंत चौटाला के साथ बैठक के बाद वर्तमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल और अन्य नेताओं की उपस्थिति में यह घोषणा की।
दोनों दलों के नेता नई सरकार के गठन का दावा पेश करने के लिए आज चंडीगढ़ में राज्यपाल से मुलाकात करेंगे। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राज्य में स्थिर सरकार देने के लिए भाजपा और जे जे पी का साथ आना महत्वपूर्ण है।
भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक आज चंडीगढ़ में विधायक दल के नेता का चुनाव करेंगे। भाजपा के हरियाणा प्रभारी अनिल जैन ने नई दिल्ली में कहा कि विधायक दल की बैठक के बाद पार्टी नेता नई सरकार के गठन का दावा पेश करने के लिए राज्यपाल से मुलाकात करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि केन्द्रीय मंत्री निर्मला सीतारामन और पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण सिंह बैठक में केन्द्रीय पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहेंगे।
