महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 125 और शिवसेना ने की 70 उम्मीदवारों की घोषणा, नागपुर दक्षिण पश्चिम से लड़ेंगे देवेंद्र फडणवीस।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने 125 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। 12 विधायकों का टिकट काटा है और 52 मौजूदा विधायकों को टिकट दिया है। वहीं सतारा लोकसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज उदयन राजे भोसले का उम्मीदवार बनाया है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नागपुर दक्षिण पश्चिम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। जबकि महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल कोथरुड सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, पंकजा मुंडे पर्ली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी। भाजपा ने सतारा विधानसभा सीट से छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज शिवेंद्र सिंह को उम्मीदवार बनाया है वहीं लोकमान्य गंगाधर तिलक घराने की बहू मुक्ता तिलक कस्बा पेट सीट से से चुनाव लड़ेंगी।
पंड्ढर पुर विट्ठल मंदिर देवस्थन के अध्यक्ष अतुल भोसले कराड़ दक्षिण सीट से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस छोड़ हाल ही में भाजपा में शामिल होने वाले राधाकृष्ण विखे पाटिल को पार्टी ने शिरडी से टिकट दिया है। वहीं राज्य मंत्री गिरीश महाजन को जामनेर से टिकट दिया है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए शिव सेना ने 70 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे मुंबई की वर्ली सीट से चुनाव लड़ेंगे। 60 साल में पहली बार है जब ठाकरे परिवार का कोई सदस्य चुनावी मैदान में है। एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के नाम से विख्यात रहे प्रदीप शर्मा को शिवसेना ने नालासोपारा से टिकट दिया है। शर्मा हाल ही में शिवसेना में शामिल हुए हैं।
