भारतीय रेल – आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना रायबरेली ने इस वित्तीय वर्ष के पहले चार महीने में 554 एल एच बी डिब्बे बना के नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पिछले साल इसी समयावधि में 368 डिब्बे बने थे। इस प्रकार इस वर्ष पिछले साल की तुलना में 50% से अधिक उत्पादन वृद्धि हुई है।
आरेडिका ने इस साल रोबोटिक लाईनों को चालू कर के साईड वाल, अण्डर फ्रेम और शैल एसेंबली का निर्माण किया है। इसके साथ साथ सुनियोजित सामग्री नियोजन, बेहतर सामग्री आपूर्ति प्रबंधन, निरन्तर मोनिटरिंग द्वारा यह रिकॉर्ड बनाया जा सका है।
यह उत्पादन ईकाई 1000 एल एच बी डिब्बे प्रति वर्ष बनाने के लिए लगाई गई थी, फिर अतिरिक्त 480 करोड़ रुपए की लागत से उत्पादन क्षमता 2000 डिब्बे करने की परियोजना भी स्वीकृत की गई थी। आरेडिका ने वर्ष 2018-19 में 1425 डिब्बे बनाए। वर्तमान वित्तीय वर्ष में पहले 1458 डिब्बे का लक्ष्य दिया गया। फिर मई 2019 में लक्ष्य बढ़ा कर 2158 डिब्बे किया गया। बढ़े लक्ष्य के अनुरूप सामग्री नियोजन कर, आपूर्ति निविदाएं मांगी गई हैं, जो काफी अग्रिम अवस्था में हैं। सामग्री आपूर्ति सितम्बर से शुरू हो जाएगी। टीम आरेडिका बढ़े लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु समर्पित है।
