केन्द्र सरकार ने बिहार में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और पटना के जल भराव वाले इलाकों में बचाव और राहत कार्यों के लिए भारतीय वायु सेना के दो हेलीकॉप्टरों को लगाया है।
राज्य सरकार ने बाढ़ सहायता कार्य के लिए केन्द्र से हेलीकॉप्टरों की मांग की थी। केन्द्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने आज पटना में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि केन्द्र बिहार को हर संभव मदद उपलब्ध करा रहा है।
केन्द्र और राज्य सरकार लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने में लगे हैं। बचाव और राहत कार्य तेजी से चलाए जा रहे हैं।
