पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन का निधन, प्रधानमंत्री ने टीएन शेषन के निधन पर जताया शोक, चुनाव सुधारों में किए गए उनके योगदान की सराहना की।
पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन का रविवार रात को निधन हो गया। 86 वर्षीय शेषन ने 1990 से 1996 के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त के तौर पर अपनी सेवाएं दी थीं। भारतीय चुनावी राजनीति की दिशा बदलने में शेषन का अहम योगदान माना जाता है।
भारतीय चुनाव व्यवस्था में शुचिता और पारदर्शिता लाने का श्रेय शेषन को ही जाता है। टीएन शेषन तमिलनाडु काडर के 1955 बैच के आईएएस ऑफिसर थे। उन्होंने 10वें चुनाव आयुक्त के तौर पर अपनी सेवाएं देश को दी।
प्रधानमंत्री ने टीएन शेषन के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने अपने ट्वीट संदेश में कहा कि- वो एक असाधारण नौकरशाह थे जिन्होंने पूरी लगन और ईमानदारी से देश के लिए काम किया। चुनाव सुधारों के प्रति किए गए उनके प्रयासों से लोकतंत्र मजबूत हुआ और ज्यादा सहभागी बना। उनके निधन से दुखी हूं, ओम शांति।
