भारत के पायस जैन को शनिवार को मंगोलिया के उलानबटोर में 25वीं एशियाई जूनियर और कैडेट टेबल टेनिस चैम्पियनशिप के फाइनल में शीर्ष वरीय और दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी चीन के युआन्यू चेन से 0-4 से हार के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
पायस ने शुरू में आक्रामकता दिखायी लेकिन चीनी खिलाड़ी के आक्रामक खेल के आगे उनकी नहीं चली और दिल्ली का यह खिलाड़ी 20 मिनट से कम समय में 11-13 6-11 8-11 5-11 से हार गया। पायस को रजत पदक से एशियाई टीम में जगह मिल गयी जो अक्टूबर में पोलैंड के व्लादिस्लोवोवो में होने वाली विश्व कैडेट चैलेंज में भाग लेगी। भारत ने चैम्पियनशिप में अभियान दो रजत पदक से समाप्त किया, जिसमें जूनियर लड़कों की टीम ने भी रजत पदक हासिल किया।
