नई दिल्ली स्थिति दूरदर्शन भवन में केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने वीडियो वॉल का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि दूरदर्शन अपनी विश्वसनीयता के लिए जाना जाता है।
केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने आज दूरदर्शन के सभी दिल्ली स्टूडियो और दूरदर्शन केन्द्र परिसर में अर्थ स्टेशन में आधुनिक किस्म की वीडियो वॉल्स का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव अमित खरे, प्रसार भारती के अध्यक्ष डॉ ए. सूर्यप्रकाश, प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर वेम्पटि के अलावा और कई सम्मानित अतिथि पर मौजूद रहे।
प्रकाश जावडेकर ने कहा कि दूरदर्शन को अपनी विश्वसनीयता के लिए जाना जाता है, न कि सनसनी के लिए। उन्होंने साथ ही कहा कि दूरदर्शन के आधुनिकीकरण से लोगो में खास तौर पर युवाओं में इसकी लोकप्रियता बढ़ाने में सहायता मिलेगी। वहीं सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव अमित खरे ने कहा कि दूरदर्शन को सरकार का पूरा समर्थन प्राप्त है। उन्होंने साथ ही ज़ोर देते हुए कहा कि हमें मनोरंजन के साथ-साथ सांस्कृतिक पहलू को ध्यान में रखते हुए उच्च गुणवत्ता वाले कार्यक्रम सुनिश्चित करने चाहिए।
प्रसार भारती के चेयरमैन डॉ. ए. सूर्यप्रकाश ने कहा कि आज रचनात्मकता तकनीक के महत्वपूर्ण स्तंभ पर टिकी हुई है। उन्होंने साथ ही कहा कि वीडियो वाल एक नए स्तर पर दर्शकों को लुभाने का काम करेगी। प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर वेम्पटि ने दूरदर्शन को युवाओं के बीच लोकप्रिय बनाने पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि दर्शकों को अपने साथ जोड़ने के लिए कंटेंट और प्रोग्रामिंग को अधिक आकर्षक बनाने की जरुरत है।
