केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने आज पूर्वोत्तर में कोरोना वायरस की स्थिति पर समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हुई इस समीक्षा बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने पूर्वोत्तर के आठ राज्यों में उठाए गए कदमों की समीक्षा की।
डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि पूर्वोत्तर के राज्यों में फिलहाल स्थिति संतोषजनक है और अब ऑरेंज जोन को ग्रीन ज़ोन में बदलने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कई विकसित देशों की तुलना में भारत की स्थिति बेहतर है फिर भी पूरे देश को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार किया गया है। डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि देश के 843 अस्पतालों में कोविड-19 के मरीज़ो का इलाज हो रहा है। उन्होंने बताया कि देश भर में 7,640 क्वारंटाइन सेंटर भी स्थापित किए गए हैं।
