दीपों का त्यौहार दीपावली आज पूरे देश में मनाई जा रही है। यह त्यौहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। आज धन की देवी लक्ष्मी की पूजा भी की जाती है।
तमिलनाडु, पुदुचेरी और देश के अन्य हिस्सों में दीपावली धार्मिक श्रद्धा और परंपरागत उत्साह के साथ मनाई जा रही है। इस प्रकाश पर्व पर नेताओं ने लोगों को बधाई दी है। लोगों ने सवेरे उठकर परंपरागत स्नान किया और नये कपड़ों को धारण करके विशेष पूजा की। साथ ही आपस में मिठाइयां बांटी गईं और एक दूसरे को बधाई दी गयी। इस त्यौहार में नई रिलीज़ हुई फिल्मों ने भी अतिरिक्त रंग भर दिया।
गुजरात में भी प्रकाश पर्व दीपावली परंपरागत उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। गुजरात व्यापार का गढ़ है और गुजराती समुदाय में आज का लक्ष्मी पूजन विशेष महत्व रखता है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं।
