देश और दुनिया में शुक्रवार को मनाएगा पांचवा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, रांची में योग दिवस समारोह में शामिल होंगे प्रधानमंत्री, झारखंड सरकार और आयुष मंत्रालय ने पूरी की तैयारी, दुनिया के तमाम हिस्सों में भी होगा योग.
21 जून को दुनियां भर में विश्व योगा दिवस मनाया जायेगा, जिसकी तैयारियां ज़ोर शोर से चल रही है. हिन्दुस्तान में मुख्य कार्यक्रम झारखंड की राजधानी रांची में होगा जिसमें पीएम मोदी हजारों लोगों के साथ योग करते नज़र आयेगें तो वही दुनियां के तमाम देशों में भी कल योग की छटा देखने को मिलेगी जो भारत की साफ्ट पॉवर को दर्शायेगी। देश के तमाम हिस्सों में योग दिवस की तैयारियां बड़े पैमाने पर चल रही हैं। मुख्य कार्यक्रम झारखंड की राजधानी रांची में होगा जहां खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगभग 50000 लोगों के बीच योग की अलख जगाएंगे।
सुबह छह बजे धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में आम लोगों के साथ योग करेंगे। इसके लिए भारत सरकार के आयुष मंत्रालय और झारखंड प्रशासन ने जोर शोर से तैयारियां की हैं। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मुख्य कार्यक्रम स्थल रांची के प्रभात तारा मैदान का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि योग जोड़ने का काम करती है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग के माध्यम से पूरी दुनिया को जोड़ने का काम किया है।” योग करने को लेकर लोग बेहद उत्साहित है, युवा से लेकर बुजर्ग तक सभी योगाभ्यास में जुटे हैं।
रांची से 40 किलोमीटर दूर रामगढ जिले में भी योग को लेकर उत्साह है। देश के अलग अलग हिस्सों में भी योग दिवस की जोरदार तैयारियां चल रही हैं। देशभर में एनसीसी के भी 8 लाख से ज्यादा कैडेट योग दिवस में हिस्सा ले रहे हैं। इनमें काफी उत्साह है। प्रयागराज में बच्चों और युवाओं में योग का क्रेज है। एक मॉल में बच्चों ने योग का प्रदर्शन करके लोगों को जागरुक किया। नागपुर में दुनिया की सबसे छोटी महिला ज्योति भी योग की अलख जगा रही हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले ज्योति ने अंतरराष्ट्रीय योग परफॉरमर के साथ योग का प्रदर्शन किया।
सुरक्षा बलों के जवान भी योग करने में पीछे नहीं है। अरुणाचल प्रदेश के लोहितपुर में आईटीबीपी की 9वीं बटालियन के जवानों ने योग का अभ्यास किया। देश ही नहीं दुनिया भर में पांचवे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां ज़ोरों पर हैं। योग प्रेमियों में योग को लेकर ग़ज़ब का उत्साह है। दुनिया के तमाम देशों में लोग योग का अभ्यास कर रहे हैं. योग दिवस की पूर्व संध्या पर संयुक्त राष्ट्रसंघ के मुख्यालय को रोशनी से नहलाया गया।
2015 में दिल्ली , 2016 में चंडीगढ 2017 में लखनऊ और 2018 में देहरादून में पीएम ने योग कर दुनिया को संदेश दिया और इस बार बारी है रांची से योग का संदेश देने की। पीएम मोदी ने योग को पिछले पांच साल में देश दुनिया में इस कदर लोकप्रिय बना दिया है कि योग दिवस समारोह से पहले देश और दुनिया में इसकी चर्चा हो रही है।
